कोटकपूरा में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां की धर्मपत्नी गुरप्रीत कौर संधवां के नेतृत्व में नेशनल हाईवे स्थित महाराजा पैलेस में तीज महोत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में विधानसभा हलके के विभिन्न गांवों और मोहल्लों से सैकड़ों महिलाओं व युवतियों ने भाग लिया। स्पीकर कुलतार सिंह संधवां भी विशेष रूप से शामिल हुए और सभी को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान महिलाओं और युवतियों ने गिद्दा, पंजाबी लोकगीतों तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पंजाबी संस्कृति और विरासत के रंग बिखेरे। महिलाओं ने पारंपरिक पंजाबी परिधानों में सजकर कार्यक्रम का आनंद लिया। स्पीकर संधवां और गुरप्रीत कौर संधवां ने कहा कि हर वर्ष हलके की महिलाओं व युवतियों के लिए तीज समारोह का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को पंजाबी संस्कृति और विरासत से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। संधवां ने ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार का धन्यवाद किया।