फिरोजपुर रेल डिवीजन में रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार ‘वीर बाल दिवस’ के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में, फिरोजपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ‘वीर बाल दिवस’ (26 दिसंबर) के महत्व को दर्शाते हुए विशेष स्टैंडी एवं बैनर प्रदर्शित किए गए हैं। ‘वीर बाल दिवस’ प्रत्येक वर्ष 26 दिसंबर को साहिबजादा बाबा ज़ोरावर सिंह जी एवं बाबा फ़तेह सिंह जी, जो कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के सुपुत्र थे, के बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिवस विशेष रूप से युवाओं को उनके अद्वितीय साहस, त्याग एवं राष्ट्र निर्माण के मूल्यों से प्रेरित करने का अवसर प्रदान करता है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि ‘वीर बाल दिवस’ भारत की गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है। स्टैंडियों, बैनरों, स्टेशनों पर लगे टीवी स्क्रीन और जन उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से इन वीर बालकों की गाथा को राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने तथा देश के युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा हैं।