पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने सोमवार को फरीदकोट के गांव पक्का में करीब 2.05 करोड़ रुपये की लागत वाले सड़क प्रोजेक्ट का नींव पत्थर रखा। इस प्रोजेक्ट के तहत फरीदकोट में अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे से गांव पक्का और गुरुद्वारा साहिब को जाने वाली संपर्क सड़क की चौड़ाई 10 फीट से बढ़ाकर 18 फीट की जाएगी। इसके अलावा गांव पक्का से श्मशानघाट तक सड़क को भी अपग्रेड किया जाएगा। इस मौके पर स्पीकर संधवां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की चौड़ाई बढ़ने से गांववासियों को आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क के अपग्रेड होने से गांव पक्का के निवासियों के अलावा गुरुद्वारा साहिब और श्मशानघाट जाने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। सड़क चौड़ी होने से यातायात अधिक सुचारू होगा और क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग भी पूरी होगी। इस मौजे पर स्पीकर संधवां ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता के मानकों को सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण का काम निर्धारित मापदंडों के अनुसार और समय पर पूरा किया जाए, ताकि लोगों को इसका लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेंगे। पंजाब सरकार गांवों के विकास को विशेष प्राथमिकता दे रही है और लोगों की जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।