शहर में लगातार बढ़ रही गुंडागर्दी के बीच बुधवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कुछ युवकों द्वारा एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर बेरहमी से मारपीट करने और बाद में उसे अधमरी हालत में थाना सिटी के बाहर फेंककर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। घायल युवक की पहचान आदित्य शर्मा उर्फ अभी निवासी लाल पैलेस के नजदीक, जगराओं के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलने के बाद थाना सिटी पुलिस ने उसे तत्काल परिवार के सदस्यों सहित सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना के दौरान सिविल अस्पताल में मौजूद पुलिस ने मीडिया कर्मियों को वीडियो और फोटो बनाने से भी रोक दिया।