नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत मोगा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। समालसर पुलिस ने बुधवार को गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर एक नशा तस्कर को 510 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। जानकारी देते हुए डीएसपी बाघापुराना दलवीर सिंह ने बताया कि समालसर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अर्शदीप सिंह निवासी तरनतारन मोटरसाइकिल (नं. PB-38E-3846) पर सवार होकर हेरोइन बेचने के लिए समालसर के गुरुद्वारा गुरुसर रोड के पास ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 510 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। मौके पर आरोपी को गिरफ्तार कर थाना समालसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी को वीरवार को माननीय अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड लिया जाएगा ताकि नशा तस्करी नेटवर्क के संबंध में और भी खुलासे किए जा सकें।