फिरोजपुर बाढ़ प्रभावित छात्रों की मदद के लिए रोटरी क्लब गोनियाना मिड टाउन की एक टीम सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नौ बेहराम शेर सिंह व प्राइमरी स्कूल दोना मत्तड़ के 300 से अधिक छात्रों को जूते, जुराब, जर्सी, बैग, स्टेशनरी और अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की। रोटरी क्लब के वरिष्ठ सदस्य रोटेरियन कुलदीप सिंह सरां, रोटेरियन अशोक बहल, हरविंदर सिंह ग्रेवाल, परमजीत सिंह ग्रोवर और महेंद्र सिंह चीनी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज कल्याण के कार्यों में सदैव आगे रहना उनका कर्तव्य है। उन्होंने छात्रों को कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया और भविष्य में भी हर संभव मदद का भरोसा जताया। इस कार्यक्रम में उप जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. सतिंदर सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने रोटरी क्लब गोनियाना मिड टाउन के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की मदद से बच्चों में शिक्षा के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा होता है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों की मदद के लिए शुरू किया गया 'ईच वन एडॉप्ट वन' अभियान समाजसेवी संस्थाओं और दानदाताओं के सहयोग से एक काफिला बन गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले इन दोनों स्कूलों के 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की एक लाख रुपये से अधिक की फीस का प्रबंध भी समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से किया जा चुका है। रोटेरियन अशोक बहल ने बताया कि इससे पहले भी रोटरी क्लब की विभिन्न शाखाओं द्वारा विभिन्न स्कूलों में बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों को फीस, स्टेशनरी और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जा चुकी है।