फगवाड़ा के एफसीआई गोदाम में सुल्तानपुर से आने वाले धान के ट्रकों का फगवाड़ा के राईस मिल मालिकों और मजदूरों ने विरोध किया है। शनिवार को राईस मिल मालिकों और मजदूरों ने फगवाड़ा के एफसीआई गोदाम में नारेबाजी करते हुए सुल्तानपुर से आए हुए ट्रक उतरने नहीं दिए। इस अवसर पर प्रधान प्रभात दुआ, अमित व अन्य मालिकों ने बताया कि इस गोदाम की कैपेसिटी 900 ट्रक की है जबकि फगवाड़ा में 4000 ट्रक माल है। पहले ही जगह की कमी है फिर सुल्तानपुर के ट्रकों को कैसे अनुमति मिली, यह समझ से बाहर है। उन्होंने डीएम पर रिश्वत लेकर यह अनुमति देने का आरोप लगाया और स्पष्ट कर दिया कि फगवाड़ा से बाहर का सामान यहां उतरने नहीं दिया जाएगा और यदि उनके साथ किसी तरह का धक्का हुआ तो धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को नए डीएम से बात कर मामले को हल करने की मांग की जाएगी। यदि कोई हल नहीं निकला तो चंडीगढ़ में जाकर उच्च अधिकारियों को इस धांधली की जानकारी दी जाएगी।