फिरोजपुर में बारिश के दौरान सड़क निर्माण कार्य किए जाने से नियमों के पालन पर सवाल उठने लगे हैं। शहर में एक ठेकेदार बारिश के बीच ही सड़क बनाने में जुटा हुआ है। यह कार्य एसएसपी के सरकारी निवास के पास तथा अधिकारियों के रोजाना आने-जाने वाले मार्ग पर चल रहा है, लेकिन अब तक किसी अधिकारी ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई है। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले कांग्रेस के पूर्व विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने भी शहर में बन रही सड़कों में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने के आरोप लगाए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। वहीं आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि कुछ प्रभावशाली और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की मिलीभगत के कारण ठेकेदार बेखौफ होकर काम कर रहे हैं।