स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा फिरोजपुर में तिरंगा फहराने की रस्म अदायगी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी के मद्देनजर मंगलवार को फिरोजपुर पुलिस की ओर से शहर व आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। डीएसपी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस की ओर से विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर पुलिस की टीमें तैनात की गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन भी चलाए जा रहे हैं, ताकि असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसा जा सके।