फिरोजपुर के सरहदी गांव अलीके, हबीबके, चांदी वाला व बुगर में पंजाब पुलिस व एक्साइज विभाग ने छापेमारी कर 32000 लीटर कच्ची दारू बरामद की है। इसके अलावा 26 तिरपालें, आठ लोहे के ड्रम व अन्य शराब बनाने वाली सामग्री भी बरामद की है। एक्साइज विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह सब कुछ सतलुज दरिया के बीच बने सरकंडों के टापू में हो रहा था। वहां पर तिरपलों में कच्ची दारू भर कर दरिया के पानी के बीच में छुपा कर रखी थी। नाव के जरिए वहां पर पहुंचकर कच्ची दारू बरामद की है। थाना सदर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया है।