औद्योगिक शहर मंडी गोविंदगढ़ के सर्विस रोड पर अब कोई भी व्यक्ति अपनी गाड़ी और ट्रक आदि को पार्क नहीं कर सकेगा। अगर गलती से भी किसी ने अपनी गाड़ी पार्क कर दी तो गाड़ी को जब्त कर लिया जाएगा और मोटे जुर्माने के साथ चालान भी होगा। एसएसपी शुभम अग्रवाल के निर्देशों पर जिला ट्रैफिक पुलिस मंडी गोबिंदगढ़ में ट्रैफिक समस्या को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठा रही है। डीएसपी गुरदीप सिंह ने देर रात नेशनल हाईवे सर्विस रोड पर पुलिस थाना मंडी गोविंदगढ़ के शो मनप्रीत सिंह देओल के साथ दौरा किया। उन्होंने बताया कि हाईवे के स्लिप रोड पर अवैध रूप से खड़े वाहन यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं और सड़क हादसों का भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन चालक को बख्शा नहीं जाएगा और चालान काटकर वाहनों को जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आज से रात तक ऐसे कई वाहनों के चालान किए गए हैं और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।