फिरोजपुर जेल परिसर में बाहर से फेंके गए तीन संदिग्ध पैकेटों से भारी मात्रा में नशीला पाउडर बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि यह खेप जेल में बंद किसी हवालाती या कैदी ने मंगवाई गई थी। थाना सिटी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक जेल अधिकारी नियमित चेकिंग के दौरान परिसर की तलाशी ले रहे थे। इसी दौरान उन्हें तीन संदिग्ध पैकेट मिले। पैकेट खोलकर जांच करने पर पहले पैकेट से 80.50 ग्राम सफेद नशीला पाउडर, दूसरे पैकेट से 90.20 ग्राम सफेद नशीला पाउडर तथा तीसरे पैकेट से 12 ग्राम भूरे रंग का नशीला पाउडर बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि किसी बाहरी व्यक्ति ने जेल की दीवार के ऊपर से ये पैकेट अंदर फेंके थे, ताकि उन्हें कोई बंदी या हवालाती हासिल कर सके। हालांकि, इससे पहले ही जेल अधिकारियों की सतर्कता के चलते पैकेट बरामद कर लिए गए। थाना सिटी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीले पदार्थ की खेप किसने और किस बंदी के लिए जेल के अंदर पहुंचाने की कोशिश की थी।