पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडी गोबिंदगढ़ में पुलिस और नगर कौंसिल की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई। ईएसआई अस्पताल के सामने स्थित सूरजीत नगर इलाके में कथित नशा तस्करी और लूटपाट के मामलों में नामजद 33 वर्षीय युवक विक्की के मकान को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि उक्त युवक के खिलाफ नशा तस्करी और लूटपाट से संबंधित करीब सात मामले दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के तहत आज उसके मकान को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त किया गया। नगर कौंसिल के प्रधान हरप्रीत सिंह प्रिंस ने कहा कि यह कार्रवाई पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे युद्ध के तहत की गई है। उन्होंने नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने काले कारोबार को छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हों और एक अच्छे इंसान के रूप में जीवन जीने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि जो लोग नशे का कारोबार छोड़कर सही रास्ते पर आना चाहते हैं, पुलिस और समाज उनका सहयोग करेंगे, लेकिन नशे का कारोबार जारी रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर कौंसिल के कार्यकारी अधिकारी चेतन शर्मा ने बताया कि संबंधित मकान को ध्वस्त करने से पहले नगर कौंसिल की ओर से तीन बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन किसी भी नोटिस का जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मकान को ध्वस्त किया गया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के समय मकान में परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। चेतन शर्मा ने कहा कि भविष्य में भी नशे के कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।