मुकेरियां में मंगलवार देर रात हुई तेज बारिश के बाद सिविल अस्पताल का परिसर करीब 12 घंटे तक पानी में डूबा रहा। अस्पताल के निकासी नाले की समय रहते सफाई न होने के कारण बारिश का पानी अस्पताल परिसर में जमा होता चला गया और देखते ही देखते मरीजों के कमरों, इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, डॉक्टरों के कमरों तथा विभिन्न कार्यालयों में घुस गया। जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल कर्मचारियों को सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति भी बंद करनी पड़ी। इसके चलते मरीजों को उमस और अंधेरे के कारण दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात हुई बारिश के दौरान अस्पताल की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। पानी की निकासी न होने से अस्पताल परिसर में लगातार जलस्तर बढ़ता रहा। बुधवार सुबह करीब 10 बजे तक एसएमओ कार्यालय, ओपीडी और डॉक्टरों के कमरों में भी पानी भर गया। ओपीडी कमरों में पानी घुसने से कंप्यूटर पर होने वाला कामकाज भी ठप हो गया, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं लंबे समय तक प्रभावित रहीं। जलभराव बढ़ने के कारण निचली मंजिल पर भर्ती मरीजों को ऊपरी मंजिल पर स्थानांतरित करने का प्रयास किया गया। अस्पताल में मौजूद मरीजों के अनुसार, ऊपरी मंजिल पर भी मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण सभी मरीजों को वहां स्थानांतरित नहीं किया जा सका। परिणामस्वरूप कुछ मरीजों को पानी भरी निचली मंजिल पर ही रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।