फतेहगढ़ साहिब जिले की उपमंडल अमलोह में मंगलवार शाम करीब सवा तीन बजे दिनदहाड़े स्नैचिंग की वारदात ने लोगों में दहशत फैला दी। बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक एक बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां झपटकर फरार हो गए। वारदात के दौरान महिला को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया, जिससे वह घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग महिला अपनी बहू के साथ बाजार से घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से आए एक सिख युवक ने योजनाबद्ध तरीके से महिला को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उसके कानों से सोने की बालियां छीन लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पहले से बाइक पर मौजूद अपने दो अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला आम आदमी पार्टी के यूथ विंग के प्रदेश सचिव विशाल शर्मा की बहन की सास हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल महिला की सहायता की और मामले की सूचना तुरंत थाना अमलोह पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से अमलोह क्षेत्र के लोगों में भय और रोष का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।