नंगल में नगर कौंसिल के अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में नशा तस्करी के आरोपी कुंदन लाल उर्फ घंटी के मकान के उस हिस्से को ध्वस्त कर दिया, जिसे कथित तौर पर अवैध कब्जा कर बनाया गया था। कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुमित ढिल्लों के नेतृत्व में की गई। इस दौरान डीएसपी नंगल नवीनपाल सिंह लेहल, थाना प्रभारी और नशे के विरुद्ध मुहिम के प्रभारी मोहित दीवान भी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार, कुंदन लाल उर्फ घंटी के खिलाफ नशा तस्करी के करीब एक दर्जन मामलों सहित चोरी और झपटमारी के कुल 41 मामले दर्ज हैं। वह फिलहाल नशा तस्करी के एक मामले में जेल में बंद है। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी नंगल के राजनगर मोहल्ले और श्री आनंदपुर साहिब में इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार और पुलिस विभाग के निर्देशों के तहत नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।