अवैध शराब के निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग ने मोगा जिले में सतलुज दरिया के किनारे अवैध शराब बनाने के संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर 5,500 लीटर लाहन बरामद की और उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। लाहन का इस्तेमाल देसी शराब बनाने के लिए कच्चे माल के रूप में किया जाता है। दरिया के किनारे सुनसान इलाकों में अवैध शराब की भट्टियां चलाए जाने की सूचना मिलने पर आबकारी अधिकारियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी की। फरीदकोट के सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त सुनील गुप्ता के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान धर्मकोट उपमंडल के गांव भोईपुर के निकट दरिया के किनारे झाड़ियों और गड्ढों में छिपाकर रखे गए बड़े कंटेनरों से भारी मात्रा में लाहन बरामद हुई। विभागीय टीम ने लाहन को मौके पर ही खाली कर नष्ट कर दिया, ताकि इसका इस्तेमाल अवैध शराब बनाने के लिए न किया जा सके। आबकारी अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब का कारोबार करने वाले लोग सतलुज दरिया के किनारे घनी झाड़ियों, दुर्गम भूभाग और सुनसान इलाकों का फायदा उठाकर अस्थायी शराब की भट्टियां लगाते हैं और विभाग की नजरों से बचने का प्रयास करते हैं। इस गतिविधि पर अंकुश लगाने के लिए विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। आसपास के गांवों में भी संदिग्ध ठिकानों पर आगे छापेमारी की जाएगी।