बीबीएमबी में कार्य कर रही ट्रेड यूनियनों व कर्मचारियों ने पंजाब सरकार द्वारा बीबीएमबी को भंग कर खत्म करने के बयान का विरोध किया है। बीबीएमबी प्रबंधन व पंजाब सरकार में टकराव से कर्मचारियों में असमंजस का माहौल बना हुआ है। पिछले दिनों अध्यक्ष बीबीएमबी व कर्मचारियों को उनके कार्य स्थल पर जाने से रोकने की कार्रवाई से भी कर्मचारियों में रोष है। भाखड़ा मजदूर संघ के प्रधान सतनाम सिंह लादी, हरपाल राणा, नवीन चंद्र शर्मा ने कहा कि पानी के मसले का हल सरकार व प्रबंधन के बीच मीटिंग में करवाया जा सकता है। इस तरह की स्थिति से कर्मचारी व शहर वासी असुरक्षित महसूस करते हैं। यूनियन ने पहले भी मांग की है कि बीबीएमबी के रुके हुए फंड को जारी करवाना चाहिए, खाली पड़ी पोस्टों को भरना चाहिए, कच्चे कर्मचारी को पक्का करने के लिए नीति बनाकर बीबीएमबी में भी लागू करना चाहिए। रोष प्रदर्शन में नंगल भाखड़ा मजदूर संघ, इंटक सांझा मोर्चा, बीबीएमबी फील्ड एम्प्लॉयस यूनियन सीटू, बीबीएमबी आल एम्पलाई यूनियन, क्लेरिकल यूनियन, क्लास फॉर यूनियन और सफाई मजदूर यूनियन ने भी हिस्सा लिया।