मोगा में कुछ दिन पहले ड्रग विभाग और पुलिस प्रशासन की ओर से एक मेडिकल स्टोर को सील करने का मामला सामने आया था। बुधवार को ड्रग इंस्पेक्टर सोनिया गुप्ता सील किए गए मेडिकल स्टोर पर पहुंचीं। इस दौरान सील खोलकर स्टोर की जांच की गई। मीडिया से बातचीत करते हुए ड्रग इंस्पेक्टर सोनिया गुप्ता ने बताया कि 23 अक्टूबर को वह जांच के लिए उक्त मेडिकल स्टोर पर पहुंची थीं, लेकिन उस समय स्टोर बंद मिला था। इसके बाद विभाग की ओर से मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि मेडिकल स्टोर के मालिकों ने विभाग से संपर्क किया था, जिसके बाद बुधवार को स्टोर की सील खोलकर जांच की गई। फिलहाल जांच के दौरान कोई बरामदगी नहीं हुई है। ड्रग इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री न करें और विभागीय नियमों का पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।