मोगा के मुख्य बाजार में स्थित प्रसिद्ध छाबड़ा क्लॉथ हाउस में बीती रात लाखों रुपये के कपड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। यह दुकान सिटी वन थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित है। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। कार सवार व्यक्ति ने सुबह चार बजे दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक वह बार-बार दुकान के शटर के पास जाता है और ताले तोड़कर अंदर प्रवेश करता है। इसके बाद वह दुकान से महंगे-से-महंगे लेडिस सूट और अन्य कपड़े उठाकर कार में रखता है और फरार हो जाता है। दुकान मालिक ने बताया कि दुकान से लाखों रुपये के महंगे कपड़े चोरी हो गए हैं। चोरों ने कई रैक खाली कर दिए। यह बाजार लगभग 24 घंटे सक्रिय रहता है और दुकान थाने से कुछ ही दूरी पर है, इसके बावजूद इतनी बड़ी वारदात हो गई। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।