फिरोजपुर के ब्लाक ममदोट में विवादित दुकानों के कब्जे को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद हिंसक में बदल गया। मुख्य सड़क पर स्थित दुकानों के बाहर धरना दे रहे एक पक्ष के सामने दूसरे पक्ष के दुकानदारों ने भी धरना शुरू कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और लाठियां, ईंटें व पत्थर चलने लगे। झड़प में दोनों पक्षों के करीब छह लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में हाथापाई और पथराव में बदल गई। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानदारों ने सुरक्षा के मद्देनजर अपनी दुकानें बंद कर दीं। जानकारी के मुताबिक दुकानों के स्वामित्व और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी मामले से जुड़े घटनाक्रम में करीब दो माह पहले एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली थी। युवक की मौत के बाद सामने आई एक ऑडियो क्लिप के आधार पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया था। युवक के परिजनों ने विवादित दुकानों के बाहर स्थायी धरना लगा रखा है, जबकि दुकानदार पक्ष धरना हटाकर दुकानें खुलवाने की मांग कर रहा था। दुकानदारों ने भी धरना शुरू कर दिया, जिससे तनाव बढ़ गया। सूचना मिलते ही थाना ममदोट पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। डीएसपी बलजिंदर सिंह ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयास शुरू किए हैं।