सी.आई.ए. स्टाफ मोगा की पुलिस पार्टियों ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 8 देसी पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस संबंध में एस.एस.पी. मोगा अजय गांधी ने बताया कि सी.आई.ए. स्टाफ को गुप्त सूचना के आधार पर यह सफलता प्राप्त हुई है। पहला मामला:सी.आई.ए. स्टाफ मोगा की पुलिस पार्टी गश्त दौरान बाघापुराना रोड स्थित गांव तारेवाला बिजली घर के पास पहुंची, जहां मुखबिर की सूचना पर एक व्यक्ति को काबू किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवगीत सिंह निवासी मोगा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 4 देसी पिस्तौल और 5 जिंदा राउंड बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान नवगीत सिंह ने बताया कि उसने ये अवैध हथियार मनदीप सिंह निवासी मदोके से लिए थे। इसके बाद पुलिस ने मनदीप सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक देसी पिस्तौल .30 बोर बरामद की गई। दूसरा मामला: इसी प्रकार, सी.आई.ए. स्टाफ को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि डाला लिंक रोड पर एक व्यक्ति अवैध हथियारों सहित मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और सुखनदीप उर्फ दीप निवासी मोगा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3 पिस्तौल और 4 मैगजीन बरामद हुईं। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि सुखनदीप दीप इन हथियारों को किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से लेकर आया था और उस पर पहले से करीब 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि नवगीत सिंह और मनदीप सिंह किसी अपराध में पहले शामिल नहीं रहे हैं, परंतु वे जेल में बंद एक आरोपी के संपर्क में आए, जो अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त है। दोनों ने हाल ही में मध्य प्रदेश से यह हथियार मंगवाए थे। बताया गया कि दोनों आरोपी मजदूरी का कार्य करते हैं और पैसों के लालच में इस गैरकानूनी गतिविधि में शामिल हुए। तीनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा।