कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर एसोसिएशन पंजाब के आह्वान पर शनिवार को सिविल अस्पताल फिरोजपुर में सीएचओ कर्मचारियों ने सांकेतिक भूख हड़ताल और रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबे समय से लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की। यूनियन नेता डॉ. प्रीत मखीजा ने कहा कि सरकार की ओर से बार-बार बैठकें कर केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को मुख्यमंत्री से बैठक का समय मिलने के बावजूद यूनियन नेता चंडीगढ़ पहुंचने पर उनसे मुलाकात नहीं कर सके, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। प्रदर्शनकारियों ने 5000 रुपये संबंधी पत्र से बेंचमार्क की शर्त हटाकर राशि को मूल वेतन में शामिल करने, सभी सीएचओ को लॉयल्टी बोनस देने, नियमित कैडर मंजूर करने, वेतन व इंसेंटिव को मर्ज करने तथा इंसेंटिव परफार्मा में संशोधन की मांग उठाई। पैरामेडिकल यूनियन नेताओं ने कच्चे कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर पक्का करने की मांग भी की। यूनियन नेताओं ने बताया कि सरकार की सब-कमेटी के साथ 4 अगस्त को बैठक निर्धारित है। यदि बैठक में मांगों पर ठोस फैसला नहीं लिया गया तो पंजाब सरकार के खिलाफ पक्का धरना शुरू किया जाएगा। डॉ. गुरबचन सिंह, डॉ. आकाश लूणा, डॉ. गुरविंदर सिंह, अमरीक सिंह और हरमनदीप सिंह भूख हड़ताल पर बैठे।