फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गढ़शंकर में कथित अनधिकृत कॉलोनी पर ईओ के आदेशों वाला बोर्ड लगा, अधिकारी ने कहा- मैंने नहीं लगवाया

पवन कुमार Updated Fri, 21 Aug 2026 09:59 PM IST

गढ़शंकर शहर के बीरमपुर रोड पर एक कथित अनधिकृत कॉलोनी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यहां नगर कौंसिल गढ़शंकर के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (ईओ) के आदेशों वाला एक बोर्ड लगाया गया है, जिसमें कॉलोनी को अनधिकृत बताते हुए प्लॉट खरीदने वालों को खुद जिम्मेदार होने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, ईओ मदन लाल ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने यह बोर्ड नहीं लगवाया। बोर्ड पर लिखा है, “यह एक अनधिकृत कॉलोनी है। इस कॉलोनी में कोई नक्शा नगर कौंसिल द्वारा पास नहीं किया जाएगा और न ही इस जगह पर किसी तरह की कंस्ट्रक्शन करने दी जाएगी। इस कॉलोनी में प्लॉट खरीदने वाला व्यक्ति खुद जिम्मेदार होगा।” जानकारी के अनुसार, जिस जमीन पर यह कथित कॉलोनी विकसित की जा रही है, वहां कॉलोनी बनाने के लिए नगर कौंसिल या संबंधित विभागों से अभी तक कोई मंजूरी नहीं मिली है। इसके बावजूद प्लॉट काटने का काम शुरू किए जाने की बात सामने आई है। इस मामले में नगर कौंसिल की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ईओ बोले- मैंने नहीं लगवाया बोर्ड नगर कौंसिल गढ़शंकर के ईओ मदन लाल ने कहा कि उन्होंने उक्त स्थान पर कोई बोर्ड नहीं लगवाया है। उन्होंने बताया कि उनके पास कई नगर कौंसिलों का अतिरिक्त चार्ज है, जिसके चलते वह पिछले दो-तीन दिनों से गढ़शंकर नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि वह अगले दिन मौके पर जाकर पूरे मामले की जांच करेंगे। ईओ ने बताया कि संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। यदि नोटिस का जवाब नहीं मिलता तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित लोग कॉलोनी की मंजूरी के लिए आवेदन भी कर सकते हैं। यदि नोटिस का जवाब नहीं दिया गया और मंजूरी के लिए आवेदन भी नहीं किया गया तो नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अब सवाल यह उठ रहा है कि ईओ के नाम और आदेशों का हवाला देते हुए लगाया गया बोर्ड आखिर किसने लगाया और किसके आदेश पर लगाया गया। वहीं, कथित अनधिकृत कॉलोनी में प्लॉट काटने की गतिविधियों को लेकर भी नगर कौंसिल की आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें