दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया हुआ है। इसी क्रम में फरीदकोट जिला पुलिस द्वारा मंगलवार को एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन की अगुवाई में स्थानीय रेलवे स्टेशन पर अचानक चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान यात्रियों के सामान, रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और पार्किंग क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान रेलवे पुलिस, क्यूआरटी टीम और डॉग स्कवाड का सहयोग लिया गया। साथ ही स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी की गई। इस मौके पर एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और दिल्ली की घटना के बाद सतर्कता और बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि जिलेभर में बीती रात से ही नाकाबंदी और सर्च ऑपरेशन जारी है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।