पठानकोट-जम्मू नेशनल हाइवे स्थित माधोपुर रेलवे ओवरब्रिज पास एक बस और ट्रक की टक्कर में एक यात्री की मौत हो गई है। जबकि तीन अन्य लोग इस हादसे में घायल हो गए हैं। मृतक की पहचान अंशुल गहलोत 34 वर्षीय पुत्र मुकेश गहलोत निवासी घर नंबर. 53 ब्लॉक ए उरवासी इनक्लेव निकट बरदान अस्पताल राज नगर बिस्तार थाना नंद ग्राम जिला गाजियाबाद के रूप में हुई है। थाना सुजानपुर की पुलिस को दर्ज करवाए बयानों में मृतक के दोस्त रविंदर यादव निवासी मानसरोवर कालोनी, कवि नगर गाजियाबाद उत्तर प्रदेश ने कहा कि वे अपने दोस्त के साथ यूपी नंबर बस में सवार होकर अमरनाथ यात्रा से लौट रहे थे और जब पठानकोट के माधोपुर क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज के पास पहुंचा तो एक ट्रक चालक ने रोंग साइड आते हुए उनकी बस को टक्कर मार दी और बस के शीशे टूटने के साथ उसका दोस्त अंशुल बस से नीचे गिर गया। जिस कारण अंशुल की मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने बयान दर्ज करके ट्रक चालक इकबाल शाह पुत्र नत्थू शाह निवासी थाना जमसार बिकानेर राजस्थान को काबू करके केस दर्ज कर दिया है। अंशुल सेल्स मार्कीटिंग का काम करता था और दिसंबर में उसकी शादी हुई थी। पिता पहली बस में घर पहुंच गए थे और बेटा पीछे दूसरी बस में सवार होकर यात्रा से घर लौट रहा था। वहीं, इस हादसे में तीन अन्य यात्री घायल हुए है, जिन्हें मामूली चोटें आई है।