अबोहर के निकटवर्ती गांव रामसरा के पास भागू रोड पर मंगलवार देर रात पराली से भरे एक ट्राले में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्राला पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना में ट्राला मालिक को लगभग 6 से 7 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। पिरथीराम ने बताया कि वे ट्राले में धान की पराली लोड कर रहे थे और उसे सड़क किनारे खड़ा किया हुआ था। इसी दौरान मजदूर पास ही चाय पी रहे थे कि अचानक वहां से एक ट्रैक्टर-ट्राली गुजरी और देखते ही देखते पराली में आग भड़क उठी। मजदूरों ने तुरंत आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तीव्र थी कि कुछ ही क्षणों में पूरा ट्राला आग के गोले में तब्दील हो गया।