फतेहगढ़ साहिब के गांव हरलालपुर में उस समय सनसनी फैल गई जब गांव की हड्डा रोड़ी के पास आवारा कुत्तों के पास एक शिशु का भ्रूण दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। थाना फतेहगढ़ साहिब के एसएचओ इंदरजीत सिंह ने बताया कि गांव हरलालपुर के रंजीत सिंह ने सूचना दी कि हड्डा रोड़ी के पास एक बच्चे का भ्रूण पड़ा हुआ है और उसके आसपास आवारा कुत्ते घूम रहे हैं इसलिए तत्काल पुलिस कार्रवाई की आवश्यकता है। सब इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर जांच करने पर पता चला कि भ्रूण लगभग सात महीने का था। पुलिस ने भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में सुरक्षित रखवा दिया है। एसएचओ इंदरजीत सिंह के अनुसार, इस घटना के संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की जांच तेजी से की जा रही है। संवाद