वरिष्ठ भाजपा नेता आशु सांपला ने अपनी दिवंगत सपुत्री बेबी नव्या के जन्म दिन पर नव्या हेल्पिंग हैंड की ओर से आयोजित मेगा रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी वालंटियर्स के सम्मान में एक आभार समारोह का आयोजन स्थानीय रेस्तरां में किया। जिसमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं अनुसूचित जाति आयोग भारत सरकार के पूर्व राष्ट्रीय चेयरमैन विजय सांपला बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। जबकि पार्षद अनुराग मनखंड, फगवाडा इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन तेजस्वी भारद्वाज ने भी विशेष रूप से उपस्थिति दर्ज करवाई। इस दौरान आशु सांपला ने सभी वालंटियर्स का हार्दिक आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह सभी वालंटियर्स के अथक परिश्रम का ही परिणाम है कि मेगा रक्तदान शिविर में फगवाड़ा ही नहीं बल्कि आस-पास के क्षेत्र से भी सैंकड़ों रक्तदानियों ने पहुंच कर अपना रक्तदान किया। जिसके फलस्वरूप 912 यूनिट एकत्रित हो सका। पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय सांपला ने कहा कि अपने लिये तो दुनिया में हरेक इन्सान जीता है लेकिन दुनिया उन्हीं को याद करती है जो दूसरों के लिये जीने की कला सीख लेते हैं। उन्हें प्रसन्नता है कि उनके भतीजे आशु सांपला ने अपनी नन्ही पुत्री नव्या के स्वर्गवास से प्रेरणा लेकर दूसरों के दर्द को कम करने की दिशा में कदम आगे बढ़ाया है।