फिरोजपुर पुलिस ने गुप्त सूचना पर बिना लाइसेंसी तीन मेडिकल गोदामों पर दबिश दी, यहां से तीन लाख 64 हजार 230 कैप्सूल, एक लाख 41 हजार 900 प्रतिबंधित गोलियां बरामद हुई हैं। थाना सिटी पुलिस ने कपूर मेडिकल के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना मिलने पर ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी सोनिया गुप्ता, ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी फरीदकोट हरजिंदर सिंह, नायब तहसीलदार प्रिया रानी और थाना सिटी पुलिस टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया और फिरोजपुर शहर के कृष्णा नगरी और मोहल्ला बावियन वाला इलाकों में मौजूद तीन बिना लाइसेंस वाले गोदामों में दबिश दी। ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी सोनिया गुप्ता ने बताया कि इस जांच के दौरान, शक के आधार पर कुल 11 सैंपल टेस्टिंग और जांच के लिए भेजे गए हैं। इस ऑपरेशन के दौरान, बड़ी मात्रा में प्रेगाबालिन और टैपेंटाडोल दवाएं बरामद की गईं और उन्हें जब्त कर लिया गया। पुलिस ने इस संबंधी कपूर मेडिकल के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान 1,41,900 टैबलेट, 3,64,230 कैप्सूल, 140 किट बरामद किए गए। बरामद दवाओं की कुल कीमत 1,22,87,030 रुपये आंकी गई है।