फिरोजपुर जेल परिसर से बाहर से फेंके गए पैकेट मिले हैं, जिनमें 23 मोबाइल, बारह हैडफोन, आठ डाटा केबल व भारी संख्या में मादक पदार्थ मिलें हैं। थाना सिटी पुलिस ने मंगलवार अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक जेल अधिकारी जेल परिसर का निरीक्षण कर रहे थे कि वहां से उन्हें बाहर से फेंके हुए कुछ पैकेट मिलें। उक्त पैकेटों को खोलकर देखा गया तो उसमें से 16 कीपैड मोबाइल, सात टच स्क्रीन मोबाइल, 700 ग्राम खुला तंबाकू, 14 ग्राम काले रंग का नशीला पाउडर, 27 ग्राम सफेद रंग का नशीला पाउडर, 135 जर्दे की पुड़िया, 110 बीड़ियों के बंडल, 12 हेडफोन, आठ डाटा केबल व 1.90 ग्राम नशीला पाउडर मिला है। जेल अधिकारियों का मानना है कि उक्त सामग्री जेल में बंद किसी बंदी ने बाहर से मंगवाई थी। ये सामग्री आरोपियों के हाथ लगने से पहले अधिकारियों तक पहुंच गई। उक्त मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल थाना सिटी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।