पंजाब के जिला तरनतारन के गांव उसमां स्थित माई भागो लॉ कॉलेज में सोमवार की सुबह सवा नौ बजे लॉ के छात्र प्रिंसराज सिंह ने अपनी सहपाठी संदीप कौर की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके तीन सेकंड के भीतर ही खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कॉलेज में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सभी को विचलित कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है। संदीप कौर लॉ कॉलेज में फर्स्ट ईयर की छात्रा थी और आरोपी प्रिंसराज सिंह भी इसी कॉलेज में पढ़ता था। इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें दिखाई दे रहा है कि प्रिंसराज क्लास में आता है और बिलकुल करीब से लड़की के माथे में गोली मार देता है। उसके बाद खुद भी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर लेता है। वहां मौजूद छात्रों में यह देख अफरातफरी मच जाती है। सूचना मिलने के बाद डीएसपी जगबीर सिंह पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल जांच के लिए कॉलेज को सील कर दिया गया है। आखिर आरोपी ने यह कदम क्यों उठाया इसकी भी जांच की जा रही है। ऐसी जानकारी है कि प्रिंसराज ने संदीप कौर को प्रपोज-डे पर फ्रेंडशिप के लिए कहा था। लड़की के मना करने पर वह नाराज हो गया और सोमवार को कॉलेज खुलने के बाद प्रिंसराज बैग में पिस्तौल लेकर पहुंचा और संदीप कौर को नजदीक से गोली मार दी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह मामला एकतरफा प्यार का है। लड़का कई बार संदीप कौर को प्रपोज कर चुका था और दोस्ती के लिए दबाव डालता था लेकिन उसने हमेशा यह कहकर इनकार कर दिया कि उसकी सगाई हो चुकी है और वह परिवार से अलग नहीं जा सकती। इसी बात से नाराज होकर युवक ने यह कदम उठाया।