पंजाब का युवक अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर पाकिस्तान पहुंच गया है। वहां उसे पाकिस्तानी सेना ने हिरासत में लिया है। पाकिस्तान से युवक की फोटो सामने आई है, जिसमें उसे हथिकड़ियों के साथ जकड़ा हुआ है। हालांकि युवक के परिवार का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है कि युवक कैसे पाकिस्तान चला गया है। उक्त युवक शरणदीप सिंह जालंधर के शाहकोट का रहने वाला है। शरणदीप सिंह कुछ दिन पहले घर से गायब हो गया था। इसके बाद पता चला कि उक्त युवक ने पंजाब के जिला कसूर में भारत-पाक इंटरनेशनल बॉर्डर को पार कर लिया, जिसके चलते उसे पाकिस्तानी रेंजरों ने पकड़ लिया। उक्त युवक के पाकिस्तान पहुंच जाने का पता तब चला, जब पाकिस्तानी फौज ने उसकी हथकड़ी लगी फोटो जारी की।पाकिस्तान सेना का कहना था कि गश्त के दौरान युवक को पाक सीमा के अंदर पाया गया था, जिसके चलते उसे हिरासत में ले लिया गया। पता चला है कि पूछताछ के बाद पाकिस्तानी फौज ने युवक को वहां की पुलिस के हवाले कर दिया है। फिलहाल पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां व पुलिस इस बात की जांच कर रही हैं कि युवक ने सीमा क्यों पार की।