ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद उनका प्रतिनिधिमंडल दिल्ली से अमृतसर पहुंचा और श्री हरिमंदिर साहिब में मत्था टेका। प्रतिनिधिमंडल ने श्री अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी को दिल्ली में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। यह कार्यक्रम रविवार को होगा और खामेनेई की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। इजरायल हमले में उनकी मौत के बाद भारत समेत कई स्थानों पर शोक सभाएं हो चुकी हैं। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य और भारत में ईरान के सुप्रीम नेता के प्रतिनिधि डॉ. मोहम्मद हुसैन जियानिया ने कहा कि मौजूदा युद्धविराम केवल अस्थायी है जबकि ईरान स्थायी शांति चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते वर्षों में ईरान के बच्चों, स्कूलों और अस्पतालों को निशाना बनाया गया। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के बयानों की आलोचना करते हुए कहा कि जो व्यक्ति दिन में ईरान को खत्म करने की बात करता है वही रात में युद्ध रोकने की अपील करता है।