अमृतसर नाॅर्थ से आप विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने स्पीकर को अपना इस्तीफा भेज दिया है। कुंवर विजय प्रताप को आप से 2025 में ही निष्कासित किया जा चुका है। उन्होंने पार्टी छोड़ने का भी एलान किया। स्पीकर ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। कुंवर विजय प्रताप सिंह ने अपने एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा-अमृतसर के मेरे आदरणीय भाइयों और बहनों, मैंने पंजाब विधानसभा की अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। आपने मुझे जो प्यार और सम्मान दिया है, उसके लिए मैं अपनी आखिरी सांस तक आपका ऋणी रहूंगा। आपके सहयोग और ईश्वर के आशीर्वाद से, हमें मिलकर एक सामूहिक प्रयास करना होगा। हमें छोटी-मोटी राजनीति और केवल उद्घाटन (रिबन काटने) तक सीमित रहने की सोच से ऊपर उठना होगा। हमें पंजाब को जो आज नशा, जबरन वसूली, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के जाल में फंसा हुआ है फिर से एक प्रगतिशील और खुशहाल राज्य बनाना होगा। जैसा कि आप सभी जानते हैं, एक विधायक के तौर पर मैंने अपने 90 प्रतिशत लक्ष्य पूरे किए हैं; यानी वे सभी काम जो एक विधायक को करने चाहिए। इसके अलावा, पार्षद, मेयर और सांसद के कार्यक्षेत्र अलग होते हैं। मैंने अपने द्वारा किए गए कार्यों का क्षेत्र-वार विवरण भी दिया है, जो समाचार पत्रों और मेरे फेसबुक पेज पर उपलब्ध है। मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि मैंने राजनीति में 'माई-बाप' (हुक्म चलाने वाली) संस्कृति को खत्म किया और जनता को अपनी प्रेरणा मानकर काम किया।