दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चंडीगढ़ के सेक्टर-26 में इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी और पंचकूला के पिंजौर में राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सोनू नोल्टा की हत्या के मुख्य शूटर पीयूष पिपलानी और अंकुश समेत पांच आरोपियों को हथियार समेत गिरफ्तार किया है। ये पांचों आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े हैं।इन आरोपियों में पंचकूला निवासी पीयूष पिपलानी (28), अंकुश (23), अमृतसर का कुंवरबीर (30), नारायणगढ़ का लवप्रीत सिंह (26) और तरनतारन निवासी संतोख उर्फ कपिल खत्री (29) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पीयूष और अंकुश दोनों हत्याओं में मुख्य शूटर थे, जबकि कुंवरबीर पैरी मर्डर के दौरान इस्तेमाल की गई कार चला रहा था। वहीं, अन्य आरोपी गिरोह के लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट, पनाह और आगे की वारदात की योजना में शामिल थे। एक दिसंबर 2025 की शाम लगभग 6.30 बजे इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी सेक्टर-26 के एक क्लब से निकलकर बाहर आया और अपनी कार में बैठकर कुछ दूर गया था तभी एक हमलावर ने बेहद करीब से उस पर गोलियां दाग दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी क्रेटा कार में फरार हो गए।