बैंक घोटाले की जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की लगातार कार्रवाई से हरियाणा की अफसरशाही में हड़कंप मचा है। मामले में अब तक दो आईएएस अधिकारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच एजेंसी आने वाले दिनों में तीन अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कदम उठा सकती है। इस संभावना ने विभिन्न विभागों में तैनात अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है। हरियाणा सरकार ने इस मामले में सीबीआई को आठ अधिकारियों से पूछताछ की अनुमति दी थी। इसके बाद जांच एजेंसी ने कई अधिकारियों से पूछताछ का दौर शुरू किया और महत्वपूर्ण दस्तावेजों व अन्य साक्ष्यों को खंगाला। जांच अब निर्णायक चरण में पहुंच रही है और कई अधिकारियों की भूमिका को लेकर एजेंसी गंभीरता से पड़ताल कर रही है।