चंडीगढ़ किसान भवन में शुक्रवार को संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) की बैठक हुई। यह बैठक एसकेएम के किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की अध्यक्षता में हुई है। बैठक के बाद एक बार फिर किसान आंदोलन की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। बैठक में फैसला लिया गया है कि किसान अपनी मांगों को लेकर 15 अक्तूबर को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के जिलों में किसान मोर्चे धरना लगाएंगे। बैठक में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के किसान नेता पहुंचे थे। बैठक के दौरान किसान नेताओं ने पराली को प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण मानने पर नाराजगी जताई है। वहीं यह भी कहा कि 15 अक्तूबर तक किसानों की मांगें नहीं मानी तो चंडीगढ़ में पंजाब गवर्नर के आवास का घेराव करेंगे। उसके बाद भी सुनवाई न हुई तो किसान फिर से पक्का मोर्चा लगाएंगे।