हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी संजय दत्त की प्रदेश में पहली जनरल बॉडी बैठक महज औपचारिक परिचय तक सीमित नहीं रही। पार्टी मुख्यालय में बंद कमरे में हुई बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने गुटबाजी, विधानसभा चुनाव-2024 की हार, संगठनात्मक अनुशासन और भविष्य की रणनीति पर खुलकर अपनी बात रखी। बैठक के अंत में प्रभारी संजय दत्त ने स्पष्ट संदेश दिया कि संगठन में पहचान और जिम्मेदारी उसी को मिलेगी, जो जमीन पर सक्रिय होकर काम करेगा।बैठक की शुरुआत में संजय दत्त ने वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, पूर्व पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन की स्थिति पर फीडबैक लिया। चर्चा के दौरान मीडिया को प्रवेश नहीं दिया गया ताकि नेता खुलकर विचार रख सकें। सबसे पहले सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि गुटबाजी नहीं, अलग-अलग समूह होना स्वाभाविक है लेकिन स्थिति तब गलत हो जाती है जब कार्यकर्ता एक-दूसरे से नमस्ते तक नहीं करते। उन्होंने कहा कि अनुकूल माहौल होने के बावजूद विधानसभा चुनाव हारना आत्ममंथन का विषय है। हर नए प्रभारी के आने पर चर्चा तो होती है लेकिन कथनी और करनी में अंतर रह जाता है। नए प्रभारी से काफी उम्मीदें हैं। इसके बाद सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पांच लोकसभा सीटें जीतीं और विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को कड़ी टक्कर दी। दोनों दलों के मत प्रतिशत में बेहद कम अंतर रहा। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कर्मबीर बौद्ध की जीत का भी उल्लेख किया।