चंडीगढ़ समेत ट्राइसिटी में रंगदारी का खुला खेल चल रहा है। सेक्टर-9 स्थित चमनप्रीत उर्फ चिन्नी हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। मामले में गिरफ्तार आरोपी साहिल से पूछताछ में क्लब संचालकों, होटल कारोबारियों और व्यापारियों से की जा रही रंगदारी वसूली का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि आरोपी शहर के विभिन्न क्लबों और होटलों से गैंगस्टर लक्की पटियाल और प्रिंस के नाम पर रंगदारी मांगते थे। आरोपी खुद को इन गैंगस्टरों का करीबी या भाई बताकर लोगों को डराते थे और हर महीने लाखों रुपये की उगाही करते थे। बुड़ैल और कजहेड़ी इलाके के कई होटल भी इस नेटवर्क के निशाने पर थे, जहां से नियमित रूप से पैसे वसूले जा रहे थे।