अंबाला-चंडीगढ़ मार्ग से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जमीन विवाद में एक युवक ने पहले अपने सगे चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए करीब 190 किलोमीटर दूर पानीपत पहुंच गया। लेकिन जब उसके दोस्त ने इस खौफनाक साजिश में साथ देने से इनकार किया तो आरोपी ने उसे भी मौत के घाट उतार दिया। दोहरे हत्याकांड की इस वारदात ने पंजाब और हरियाणा दोनों राज्यों में सनसनी फैला दी है। जानकारी के मुताबिक डेराबस्सी के घोलूमाजरा स्थित सुरक्षा इंक्लेव में जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच आरोपी ने अपने चाचा राहुल पर गोली चला दी। हत्या के बाद उसने शव को कार की डिक्की में रखा और सीधे पानीपत के लिए निकल पड़ा।करीब 190 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद आरोपी पानीपत पहुंचा और अपने एक करीबी दोस्त से संपर्क किया। आरोपी ने दोस्त को पूरी घटना बताकर शव को ठिकाने लगाने में मदद मांगी, लेकिन दोस्त ने साफ मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने दोस्त की भी गोली मारकर हत्या कर दी।