सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित सरस मेला में सोमवार को अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली। करीब एक लाख से अधिक लोगों ने मेले में पहुंचकर विभिन्न राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups) द्वारा प्रदर्शित देशज उत्पादों, हस्तशिल्प वस्तुओं, खाद्य पदार्थों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। मेले का आयोजन ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (HSRLM) द्वारा किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना और उनके उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच देना है। मेले में देश के अलग-अलग राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों ने अपने-अपने क्षेत्र की पारंपरिक कलाओं, हस्तनिर्मित वस्तुओं और स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन किया। वहीं, सांस्कृतिक मंच पर लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेले में पहुंचे आगंतुकों ने ग्रामीण उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देते हैं, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को भी बढ़ावा देते हैं। सरस मेला 17 नवंबर तक जारी रहेगा, जिसमें आने वाले दिनों में और भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां व आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।