चानौत गांव के प्रतिनिधिमंडल की गुरुवार सुबह चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात हुई। ग्रामीणों के मुताबिक मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि गांव को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा और इसके लिए अलग पाइपलाइन की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि, टी-कनेक्शन से पानी नहीं दिया जा सकता है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि वे इस मुद्दे पर आसपास के गांवों के साथ बैठक करेंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे। ग्रामीणों की अब तक की प्रमुख मांग रही है कि उन्हें भाखड़ा पाइपलाइन पर लगाए गए टी-कनेक्शन से ही पानी दिया जाए। अब मुख्यमंत्री से हुई वार्ता के बाद ग्रामीणों की अगली बैठक और निर्णय पर सभी की नजरें टिकी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि चानौत गांव को पेयजल की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी व गांव के विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव में जल्द विकास संबंधी कार्य शुरू करवाए जाएंगे।