अमृतसर स्थित गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू) में आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट के दौरान जहां खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला, वहीं पंजाब की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा हालात को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। औजला ने कहा कि कुछ नापाक ताकतें पंजाब के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गैंगस्टर तत्वों के जरिए आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है और शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों तथा धार्मिक स्थलों को धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे तत्वों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। सांसद ने कहा कि राज्य में नशे और गैंगस्टरवाद की समस्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार और केंद्र में भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे पर प्रभावी कदम उठाने में विफल रही हैं। उन्होंने सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने की मांग दोहराई।