जंडियाला गुरु स्थित बीडीपीओ कार्यालय में गुरुवार को ब्लॉक समिति के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव संपन्न हुए। इस दौरान सर्वसम्मति से अमरीक सिंह सोढ़ी (देवीदासपुरा) को चेयरमैन और रविंदर सिंह को वाइस चेयरमैन चुना गया। उल्लेखनीय है कि जंडियाला गुरु ब्लॉक समिति के कुल 25 सदस्य हैं, जिनमें से 21 सदस्य आम आदमी पार्टी से संबंधित हैं। इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने नवनिर्वाचित चेयरमैन और वाइस चेयरमैन को बधाई देते हुए कहा कि ब्लॉक समिति चुनावों में लोगों ने आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत दिया है और यह जीत आम जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में जनता से किए गए वादों को पूरा किया है और जल्द ही महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह देने का वादा भी पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार 45 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण करा रही है और पिछले चार वर्षों में 65 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत अब हर पंजाबी परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा, जिससे करीब 65 लाख परिवारों को लाभ होगा। नवनिर्वाचित चेयरमैन अमरीक सिंह सोढ़ी और वाइस चेयरमैन रविंदर सिंह ने पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे और गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेंगे।