जम्मू-कश्मीर पुलिस और पंजाब पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को ड्रीम सिटी स्थित एक फ्लैट से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान एक एके-47 राइफल, एक पिस्तौल और करीब 500 ग्राम संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद किया गया। बरामदगी के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी गई। जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर पुलिस को एक वांछित व्यक्ति से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण सूचना मिली थी। इसी के आधार पर पुलिस टीम अमृतसर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संबंधित फ्लैट में कार्रवाई की गई। जांच के दौरान दो युवकों को हिरासत में लिया गया। उनकी पहचान सूरजदीप सिंह निवासी शेखूपुरा और हरप्रीत सिंह निवासी देवीदासपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुछ वाहन भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों संदिग्ध आतंकी गतिविधियों से जुड़े हो सकते हैं और पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के संपर्क में थे। जांच एजेंसियों को आशंका है कि दोनों अमृतसर और जम्मू में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं। जांच का फोकस इस बात पर है कि बरामद हथियार और संदिग्ध नशीला पदार्थ कहां से लाया गया तथा इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। सुरक्षा एजेंसियां हाल के दिनों में सीमा पार से संचालित हथियार और तस्करी नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चला रही हैं।