गुरु नगरी अमृतसर के गोल्डन एवेन्यू इलाके में कार पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप धारण कर लिया। जानकारी के अनुसार दोनों पक्ष एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। पहले वाहन खड़ा करने को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में हाथापाई तक पहुंच गई। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी वीडियो अब सामने आई है। फुटेज में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और तनावपूर्ण माहौल साफ देखा जा सकता है। झगड़े के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने तलब कर उनके बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद केवल पार्किंग को लेकर था, लेकिन मामूली बात ने गंभीर रूप ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है। जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाका निवासियों ने अपील की है कि छोटे-मोटे विवाद आपसी बातचीत से सुलझाए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।