अमृतसर में सोमवार को हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली, जबकि बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। श्री हरिमंदिर साहिब में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बारिश के दौरान माथा टेकने पहुंचे। बारिश की फुहारों के बीच श्री हरिमंदिर साहिब परिसर का नजारा बेहद मनमोहक दिखाई दिया। पवित्र सरोवर के किनारे गिरती बारिश की बूंदों और वातावरण में गूंजते गुरबानी कीर्तन ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक आभा से भर दिया। श्रद्धालु छाते और रेनकोट के साथ कतारों में खड़े होकर दर्शन करते नजर आए, जबकि कई श्रद्धालु भीगते हुए भी पूरे श्रद्धाभाव से माथा टेकते रहे।