अमृतसर-तरनतारन रोड पर स्थित गुरुद्वारा शहीद भाई मनी सिंह जी में क्षेत्र की संगतों के सहयोग से श्रद्धा और सम्मान के साथ नई तकनीक से तैयार किया गया लगभग 50 फुट ऊंचा निशान साहिब स्थापित किया गया। लंबे समय से इसकी तैयारियां चल रही थीं, जिन्हें अरदास के उपरांत जयकारों की गूंज के बीच पूर्ण किया गया। इस दौरान निशान साहिब के चोले की सेवा कर उसे विधिवत रूप से सजाया गया। निशान साहिब की खासियत यह रही कि इसे विशेषज्ञ कारीगरों की देखरेख में आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है। गुरुद्वारा साहिब के आसपास घनी आबादी को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। नई तकनीक के कारण निशान साहिब से आसपास के मकानों और राहगीरों को किसी भी प्रकार का खतरा नहीं है। कारीगरों ने इसकी मजबूती और डिजाइन पर विशेष ध्यान दिया है, ताकि तेज हवाओं और मौसम की मार के बावजूद यह पूरी तरह सुरक्षित और स्थिर बना रहे। इस अवसर पर संगतों की ओर से गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी सिंह का विशेष सम्मान भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की संगतें पहले भी गुरुद्वारा साहिब में विभिन्न सेवाओं में बढ़-चढ़कर योगदान देती रही हैं और यह सेवा भी सामूहिक प्रयास का परिणाम है।