पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा है कि पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ राज्य सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। अमृतसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान धालीवाल ने कहा कि सरकार किसी भी हालत में गलत तत्वों को प्रदेश की शांति और भाईचारे को प्रभावित नहीं करने देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। जो लोग पंजाब का माहौल बिगाड़ने या लोगों को भड़काने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धालीवाल ने कहा कि पंजाब हमेशा भाईचारे और आपसी सद्भाव की धरती रहा है और सरकार प्रदेश की शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रदेश में अमन-शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।